देवास। शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, देवास में दिनांक 24 अप्रैल 2026 को नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा के अंतर्गत एक गरिमामय विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय “महिला अधिकार से सशक्तिकरण तक: लैंगिक समानता की ओर बढ़ता समाज” रखा गया, जिसमें महिला सशक्तिकरण, अधिकारों की जागरूकता एवं समाज में समानता की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. समीरा नईम, समन्वयक, आनंद विभाग (उज्जैन-इंदौर संभाग) उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि किसी भी समाज की प्रगति महिलाओं की भागीदारी और उनके सशक्तिकरण पर निर्भर करती है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए बताया कि महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने यह भी कहा कि लैंगिक समानता केवल एक विचार नहीं, बल्कि एक सशक्त और विकसित समाज की आधारशिला है।
संस्था की प्राचार्या डॉ. सोनल भाटी ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में नारी शक्ति के विभिन्न आयामों पर प्रकाश डालते हुए कहा महिलाओं का सशक्तिकरण शिक्षा, आत्मविश्वास और अवसरों की समानता से ही संभव है। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया तथा छात्र-छात्राओं को समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने हेतु प्रेरित किया।
इस अवसर पर संस्था की महिला कर्मचारियों एवं छात्र संघ सचिव कु. वंदना मंडलोई का स्वागत एवं सम्मान किया गया, जिससे कार्यक्रम में उत्साह और गरिमा का वातावरण निर्मित हुआ।
कार्यक्रम का सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन श्रीमती दीपिका मालवीय एवं श्री योगेश अलावा द्वारा किया गया, जिन्होंने पूरे कार्यक्रम को रोचक एवं प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में संस्था के समस्त व्याख्याता, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। अंत में सभी ने नारी सम्मान, समानता एवं सशक्त समाज के निर्माण हेतु सामूहिक संकल्प लिया।
For More Photos and Videos Visit and Join on the Bleow link
See less

