जिलाधीश महोदय के निर्देशन में शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, देवास में दिनांक 08 मई 2026 को टी.बी. मुक्त भारत अभियान 2.0 के अंतर्गत विद्यार्थियों के उन्मुखीकरण हेतु एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को टी.बी. रोग के प्रति जागरूक करना, इसके लक्षण, बचाव एवं उपचार संबंधी जानकारी प्रदान करना तथा समाज में जन-जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं वक्ता जिला क्षय अधिकारी डॉ. अमरीन शेख ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि टी.बी. एक गंभीर लेकिन पूर्णतः उपचार योग्य बीमारी है। उन्होंने टी.बी. के प्रारंभिक लक्षणों की पहचान, समय पर जांच एवं नियमित उपचार के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी। साथ ही उन्होंने सरकार द्वारा संचालित टी.बी. मुक्त भारत अभियान 2.0, नि:शुल्क जांच एवं उपचार सुविधाओं तथा निक्षय पोषण योजना के संबंध में भी विद्यार्थियों को अवगत कराया। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज में जागरूकता फैलाने एवं टी.बी. उन्मूलन अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर संस्था की प्राचार्य डॉ. सोनल भाटी ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे विषयों के प्रति जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि टी.बी. जैसी बीमारियों के प्रति जागरूकता ही बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है तथा युवा वर्ग समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। डॉ. भाटी ने विद्यार्थियों से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को नजरअंदाज न करने, समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने एवं समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों के प्रति उनकी संवेदनशीलता को भी मजबूत बनाते हैं।

कार्यक्रम में क्षय विभाग की ओर से श्री मोहन रघुवंशी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वयन श्री योगेश आलावा, व्याख्याता ई.टी.ई. विभाग द्वारा किया गया। कार्यक्रम में संस्था के समस्त व्याखाता, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित विद्यार्थियों ने टी.बी. मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने हेतु जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

For More  Photos and Videos Visit and Join on the Bleow link

Link : https://www.facebook.com/profile.php?id=100083251796110&ref=_ig_profile_ac

Link : https://www.instagram.com/principal.gpcdewas/