संस्था में दिनांक 15/12/2025 को मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के अंतर्गत डिप्लोमा वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्था के कुल 30 पासआउट विद्यार्थियों को उनके डिप्लोमा प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री शिवनंदन प्रजापति, सहायक संचालक, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, देवास उपस्थित रहे। वहीं विशेष अतिथि के रूप में श्री राजू सतपुते, प्राचार्य, चिमनाबाई शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, देवास ने गरिमामयी उपस्थिति प्रदान की।
मुख्य अतिथि श्री शिवनंदन प्रजापति ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफल जीवन के लिए शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों पर चलना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने छात्रों से ईमानदारी, परिश्रम एवं सामाजिक दायित्वों के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
विशेष अतिथि श्री राजू सतपुते ने अपने उद्बोधन में कहा कि डिप्लोमा केवल एक प्रमाण पत्र नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के परिश्रम, अनुशासन और संकल्प का प्रतीक है, जो उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए सक्षम बनाता है।
इस अवसर पर संस्था की प्राचार्य डॉ. सोनल भाटी ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि संस्था को अपने विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर गर्व है और वे भविष्य में भी सफलता के नए आयाम स्थापित करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान संस्था की ओर से विद्यार्थियों को जीवन मूल्यों एवं सकारात्मक सोच के संदेश के रूप में प्रतीकात्मक रूप से श्रीमद् भगवद् गीता का वितरण भी किया गया।
उक्त समारोह का आयोजन श्री संजय पाठोद के समन्वय एवं श्रीमती दीपिका मालवीय के सह-समन्वय में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं प्रेरणादायी वातावरण में सम्पन्न हुआ।

